लालगोपालगंज। मंगलवार शाम कस्बे में औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) की टीम द्वारा की गई छापेमारी से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम के पहुंचते ही कई दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने हनुमान चौराहा स्थित एक मेडिकल स्टोर के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बिना बिल दवाओं की बिक्री, थोक लाइसेंस पर फुटकर दवा बेचना तथा एक्सपायरी दवाओं के वितरण जैसे आरोप शामिल थे।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए औषधि निरीक्षक प्रयागराज सुनील कुमार रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच अभियान शुरू किया। टीम ने सबसे पहले हनुमान चौराहा स्थित मेडिकल स्टोर की गहन जांच की। इस दौरान नारकोटिक्स दवाओं सहित अन्य औषधियों के स्टॉक की बारीकी से पड़ताल की गई।
जांच के दौरान कुछ दवाओं के नमूने भी एकत्र किए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी की इस कार्रवाई से कस्बे के अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों में भी भय का माहौल देखा गया। करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल बनी रही।
स्वास्थ्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध रूप से दवा बिक्री करने वालों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।