कैसे रहें मानसिक रूप से स्वस्थ, विद्यार्थियों को समझाया

प्रयाग पब्लिक स्कूल में मानसिक स्वास्थ्य व जागरुकता पर कार्यक्रम का आयोजन

लालगोपालगंज। सीबीएसई  उत्कृष्टता केंद्र प्रयागराज के तत्वावधान में  प्रयाग पब्लिक स्कूल  में “विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा” विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रबंधक सुशील कुमार तिवारी, प्रधानाचार्य फेड्रिक रिचर्ड हेनवी तथा उप-प्रधानाचार्या कंचन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक एवं सुरक्षित शैक्षिक वातावरण के निर्माण के प्रति जागरूक करना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यार्थियों के मानसिक एवं भावनात्मक विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में मुख्य संसाधन व्यक्तियों के रूप में डॉक्टर सुजाता सरकार तथा राजेश्वरी द्विवेदी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यवहार, मानसिक दबाव, भावनात्मक चुनौतियों और सकारात्मक सोच के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान शिक्षकों को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों, संवाद तकनीकों और व्यवहारिक उपायों की जानकारी दी गई। सत्र ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी रहे।

समापन अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों के लिए स्वस्थ, सकारात्मक और सहयोगात्मक शैक्षिक वातावरण विकसित करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने इस कार्यक्रम को शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *