SHRINGVERPUR DHAM
प्रसिद्ध तीर्थनगरी श्रृंग्वेरपुरधाम में 10 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाले 11 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण महाआयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की कामना के साथ सोमवार को श्रीराम घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का विधि-विधान से पूजन किया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं, वेदाचार्यों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन की सफलता के लिए प्रार्थना की। श्रीश बाहुबली महाराज के नेतृत्व में वेदाचार्यों एवं वेद बटुकों ने गंगा पूजन संपन्न कराया। इसके उपरांत श्रीराम घाट स्थित ऋषि श्रृंगी एवं माता शांता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान देश, समाज और जनकल्याण की मंगलकामना भी की गई।
कार्यक्रम की संयोजक दीपांजलि इंस्टिट्यूट की डायरेक्टर दीपा मौर्या ने सभी साधु-संतों, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। संचालन श्रृंग्वेरपुर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया।
इस अवसर पर महंत माधवदास, राघवदास महाराज, रघुनंदन दास महाराज, श्रृंग्वेरपुर महोत्सव समिति के अध्यक्ष संजय तिवारी, पूर्व चेयरमैन प्रदीप केशरवानी, देव मौर्य, आचार्य प्रवीण मिश्र, पप्पू त्रिपाठी, मोनू मिश्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।