लालगोपालगंज। सावन माह में कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस, मछली, अंडा, मुर्गा बिरयानी एवं मदिरा की बिक्री पर शासन के निर्देशों के बावजूद लालगोपालगंज कस्बे में कथित रूप से मांस, मुर्गा एवं बिरयानी की बिक्री जारी रहने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष संजय तिवारी ने जिलाधिकारी प्रयागराज, पुलिस कमिश्नर तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
संजय तिवारी का आरोप है कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कुछ दुकानों पर खुलेआम मांस व मुर्गा बिरयानी की बिक्री की जा रही है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित दुकानदारों के साथ ही उन्हें संरक्षण देने वाले लोगों के विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
शिकायती पत्र में प्रशासन से तत्काल जांच कर शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।
हालांकि इस मामले में स्थानीय चौकी प्रभारी ने तीन दिन पूर्व प्रयागराज लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बिरयानी की दुकान को बंद कराया था जिसको लेकर दुकानदार और पुलिस में बहस भी हो गई थी।
रोक के बावजूद लालगोपालगंज में बिक रहा मांस व मुर्गा बिरयानी, कार्रवाई की मांग