कौड़िहार । क्षेत्र में स्मार्ट मीटर और लगातार हो रही विद्युत कटौती के विरोध में बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर विद्युत उपकेंद्र कौड़िहार का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में अवर अभियंता को ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया गया।
धरना को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य आशीष पांडेय ने कहा कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर व्यवस्था से आम जनता खासकर किसान, मजदूर और गरीब वर्ग परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल समाप्त किया जाए और अनियमित विद्युत कटौती पर रोक लगाई जाए।
उन्होंने आगे कहा कि कई स्थानों पर जर्जर तार, खंभे और खराब ट्रांसफार्मर के कारण आए दिन बिजली बाधित हो रही है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार द्वारा गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई क्षेत्रों में 10 से 12 घंटे भी नियमित बिजली मिलना मुश्किल हो गया है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान “बिजली कटौती बंद करो”, “स्मार्ट मीटर बंद करो” और “भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारे लगाए गए।
इस मौके पर गंगापार महामंत्री विनोद तिवारी, राजेश्वरी पटेल, शिव पासी, अनिल पाल, शिवमूरत विश्वकर्मा, राम गोविंद शुक्ला, मनीष शुक्ला, जगत नारायण मिश्रा, दिनेश पासी, उदय प्रताप यादव, आदिल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
One thought on “स्मार्ट मीटर व बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेसियों का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा”