शिमला. हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के दूसरे सप्ताह में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश ने सर्दियों जैसा माहौल पैदा कर दिया है। राजधानी शिमला समेत कई पर्यटन स्थलों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
राज्य के लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले हिस्सों सहित अटल टनल रोहतांग, कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर और चौपाल में ताजा हिमपात हुआ है। वहीं शिमला और आसपास के मध्यम व निचले इलाकों में व्यापक वर्षा और तेज हवाएं चलीं, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
लाहौल-स्पीति जिले में भारी बर्फबारी के कारण 26 सड़कें बंद हो गई हैं। रोहतांग दर्रा से कोकसर मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध है। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से दारचा तक सीमित समय के लिए आवाजाही जारी है, जबकि दारचा-सरचू मार्ग बंद है। दारचा-शिंकुला पास मार्ग केवल स्नो-चेन लगे चार पहिया वाहनों के लिए ही खुला है। ग्रांफू-बाथल और लोसर-बाथल मार्ग भी बंद होने से स्पीति घाटी का संपर्क प्रभावित हुआ है। तिंदी-कडू नाला मार्ग भूस्खलन के कारण अवरुद्ध है। प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा से पहले सड़क स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है।
चंबा जिले में पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बग्गा के पास पेड़ गिरने से बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं कुगती-भरमौर मार्ग पर एचआरटीसी बस फिसलकर सड़क से नीचे खिसक गई, हालांकि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। शिमला जिले में चौपाल-शिमला मार्ग पर भी बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित रहा।
वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो रेणुकाजी में सबसे अधिक 65 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा राजगढ़ (60 मिमी), भटियात (52.6 मिमी), बरठीं (50.6 मिमी), नैना देवी (48.6 मिमी), सोलन (48 मिमी), कंडाघाट (42.2 मिमी), धर्मपुर (38.6 मिमी) और पालमपुर (37 मिमी) में भी अच्छी बारिश हुई। हिमपात की बात करें तो गोंडला में 4 सेमी और कुफरी में 1.4 सेमी बर्फ दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान में ताबो 0.1°C, कुकुमसेरी 0.6°C, कल्पा 3.0°C और शिमला 4.8°C दर्ज किया गया, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहा।
मौसम विभाग ने शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में भारी वर्षा और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कांगड़ा और सोलन में भी ओलावृष्टि की चेतावनी है, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। साथ ही 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।