लालगोपालगंज । श्रीधाम मथुरा-वृंदावन से राधा-कृष्ण की प्रतीकात्मक झांकी के साथ निकली धार्मिक बैलगाड़ी यात्रा शनिवार देर शाम लालगोपालगंज कस्बे में पहुंची। यात्रा के आगमन पर स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत व अभिनंदन किया।
यात्रा में सुसज्जित बैलगाड़ी पर विराजमान राधा-कृष्ण की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया तथा श्रद्धा भाव से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान वातावरण भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा।
आयोजकों के अनुसार यह बैलगाड़ी यात्रा देशभर में भ्रमण कर सनातन संस्कृति और भक्ति भाव का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली गई है। यात्रा कुछ समय के लिए लालगोपालगंज में रुकी, जहां यात्रियों ने विश्राम किया। इसके पश्चात यात्रा अपने अगले गंतव्य की ओर प्रस्थान कर गई।